मोहम्मद शमी को 9 जनवरी 2024 को भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया

भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद शमी अर्जुन अवॉर्ड हासिल करने वाले 58वें क्रिकेटर बन गए हैं. आज (9 जनवरी) उन्हें खेल के इस बड़े पुरस्कार से नवाजा गया. राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने उन्हें इस अवॉर्ड से सम्मानित किया. क्रिकेट जगत में सबसे पहली बार यह अवॉर्ड सलीम दुर्रानी को मिला था.

पिछले साल 2023 में वनडे विश्व कप में मोहम्मद शमी ने अपनी गेंदबाजी से तहलका मचा दिया था. उन्होंने विश्व कप 2023 के सात मैचों में कुल 24 विकेट हासिल किए. मोहम्मद शमी 101 वनडे मैचों में 195, 64 टेस्ट में 229 और 23 T-20 मैचों में 24 विकेट ले चुके हैं.

अर्जुन पुरस्कार मुल्क का दूसरा सबसे बड़ा खेल अवार्ड 

अर्जुन पुरस्कार मुल्क का दूसरा सबसे बड़ा खेल अवार्ड होता है, जो खिलाड़ियों को अच्छा प्रदर्शन करने पर मिलता है. इस बार भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद शमी को इसलिए चुना गया था, क्योंकि उन्होंने बीते साल वनडे वर्ल्ड कप में बेहतरीन प्रदर्शन किया था. जहां वो सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाजों में शामिल थे. इस साल अर्जुन अवार्ड 26 खिलाड़ियों को मिला है, जिसमें मोहम्मद शमी इकलौते क्रिकेटर हैं. 

सपना जैसा है यह पुरस्कार

वहीं 2022 में कोई भी क्रिकेटर इस अवॉर्ड को हासिल नहीं कर पाया था, लेकिन अब शमी को ये सम्मान मिला है। वहीं अपने सम्मान को लेकर बीते दिन मीडिया चैनल से बातचीत के दौरान शमी ने कहा था, “ये पुरस्कार एक सपना है, जिंदगी बीत जाती है और लोग ये अवॉर्ड नहीं जीत पाते हैं। मुझे खुशी है कि मुझे ये पुरस्कार मिल रहा है। मेरे लिए यह पुरस्कार पाना एक सपने जैसा है, क्योंकि मैंने अपने पूरे जीवन में कई लोगों को यह पुरस्कार प्राप्त करते देखा है।”

देश की ‘खेल रत्न’ से नवाजा गया ये खिलाड़ी

अगर देश के सबसे बड़े खेल पुरस्कार मेजर ध्यानचंद खेल रत्न की बात करें तो यह पुरस्कार चिराग और सात्विक की बैडमिंटन जोड़ी को मिला है। साल 2023 इस जोड़ी के लिए यादगार रहा है। इसने एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक और एशियाई चैम्पियनशिप का खिताब जीता। इसके अलावा दोनों ने मिलकर इंडोनेशिया सुनार 1000, कोरिया सुपर 500 और स्विस सुपर 300 जैसे कई बड़े इवेंट जीते।

खिलाड़ियों के अलावा देश के 8 कोचों को उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए कोचिंग के लिए द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित किया गया।